चंडीगढ़ में विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड; वर्क वीजा का झांसा देकर 9 लाख ठगे, इमिग्रेशन कंपनी के खिलाफ केस
चंडीगढ़ की ‘द वीजा कैपिटल’ कंपनी ने पांच लोगों को लक्जमबर्ग वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर करीब 9 लाख रुपये ठगे। शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने बताया कि कंपनी ने न वीजा दिया और न ही पैसे लौटाए। सेक्टर-17 पुलिस ने कंपनी मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता व इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोप है कि द वीजा कैपिटल नामक इमिग्रेशन फर्म ने लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठे, लेकिन न तो वीजा दिलाया और न ही रकम वापस की।
शिकायतकर्ता अंबाला निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह जो एक सैलून चलाते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कंपनी का विज्ञापन देखा था। इसके बाद उन्होंने कंपनी से संपर्क किया और उन्हें चंडीगढ़ स्थित दफ्तर बुलाया गया।
23 मई 2025 को वह कंपनी के आफिस पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात कंपनी के कर्मचारियों जग रूप सिंह और सतकार सिंह से हुई। उन्होंने लक्समबर्ग वर्क वीजा की पूरी प्रक्रिया समझाई और कुल खर्च 3 लाख रुपये बताया, जिसमें 1.50 लाख रुपये अग्रिम देने को कहा गया।




