पंजाब के मुक्तसर में अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़, 70 मरीज छुड़ाए गए; भोजन-पानी से रखा वंचित
मुक्तसर के पन्नीवाला फत्ता गांव में छह महीने से चल रहे एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र का स्वास्थ्य विभाग ने भंडाफोड़ किया है। यहां से 70 व्यक्तियों को छुड़ाया गया, जिन्हें जानवरों जैसा व्यवहार, मारपीट और भोजन-पानी से वंचित रखा जाता था।

यहां इलाज करवा रहे 70 व्यक्तियों को छुड़ाकर मुक्तसर,मलोट और गिद्दड़बाहा के सिविल अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रिहा करवाए मरीजों ने बताया कि यहां उनके साथ जानवरों जैसा बर्ताव किया जाता था।
मारपीट करते थे और खाने के लिए मिन्नतें करवाते थे। वहीं नहाने के लिए पानी भी नहीं देते थे। रिहा करवाए अधिकांश मरीजों को चर्म रोग हो चुका है। जिनका इलाज सरकारी अस्पतालों में शुरू कर दिया गया है। उधर,सेहत विभाग ने पुलिस के सहयोग से केंद्र को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका कि केंद्र का मालिक कौन है।




