कांग्रेस, शिअद और भाजपा को कुर्सी की चिंता, हमें पंजाब की फिक्र: CM भगवंत मान ने गिनाई AAP सरकार की उपलब्धियां
चंडीगढ़। पंजाब सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार ने ‘काम की राजनीति’ के रास्ते पर चलते हुए लोगों को दी गई सभी गारंटियां पूरी कर दी हैं। लोगों ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा को ठुकराकर हम पर उम्मीदें लगाई थी और हमने लोगों का भरोसा नहीं टूटने दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, अकाली और भाजपा जहां सत्ता की चिंता कर रहे हैं, वहीं ‘आप’ सरकार पंजाब को बचाने के लिए फिक्रमंद है और राज्य में फूट डालो राजनीति को सफल नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में आपराधिक गतिविधियों में शामिल गैंग्सटरों को भाजपा शासित राज्यों की जेलों में वीआइपी ट्रीटमेंट दिया जाता है। लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की जेल में सुविधाएं दी जा रही हैं। उसे पंजाब लाने नहीं दिया जा रहा। कहा जाता है कि उसकी जान को खतरा है। पूछताछ करनी है तो यहीं आकर कर लो। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे गैंगस्टर्स का प्रयोग भाजपा अपने फायदे के लिए कर रही है।




