Starlink की गुजरात में एंट्री, आदिवासी इलाकों में भी मिलेगा हाई-स्पीड इंटरनेट

नई दिल्ली। एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक(Starlink) भारत के पश्चिमी राज्य गुजरात में एंट्री करने वाली है। गुजरात सरकार ने स्पेसएक्स(SpaceX) की सब्सिडियरी के साथ लेटर ऑफ़ इंटेंट (LoI) साइन किया है। लेटर ऑफ़ इंटेंट एक्सचेंज सेरेमनी गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी की मौजूदगी में हुई। जिसका उद्देश्य, राज्य के दूरदराज, सीमावर्ती और ऐसे इलाकों में हाई-स्पीड सैटेलाइट-आधारित इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी।

पायलट प्रोजेक्ट में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), ई-गवर्नेंस सुविधाएं, सरकारी स्कूल, जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम, बंदरगाह और वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्रों को जोड़ने की योजनाएं शामिल हैं। LoI का उद्देश्य पूरे राज्य में GIDC औद्योगिक पार्कों, राजमार्ग सुरक्षा प्रणालियों, समुद्री और बंदरगाह कनेक्टिविटी और तटीय पुलिस संचालन में कनेक्टिविटी को मजबूत करना भी है।

नर्मदा और दाहोद जैसे आदिवासी जिले लेटर ऑफ़ इंटेंट (LoI) के हिस्से के रूप में डिजिटल समावेशन के मामले में बड़े लाभार्थी बनेंगे। इसके लागू होने से, इन जिलों में विश्वसनीय डिजिटल सेवा डिलीवरी सुनिश्चित होगी, साथ ही पुलिस चौकियों, आपदा प्रबंधन केंद्रों, वन्यजीव निगरानी और कृषि अनुसंधान केंद्रों के लिए मजबूत कनेक्टिविटी के माध्यम से बेहतर सुरक्षा और स्थिरता मिलेगी।

राज्य के स्कूलों में शिक्षा के लिए स्मार्ट कनेक्टिविटी, साथ ही प्राइमरी हेल्थ सेंटर (PHC) में स्वास्थ्य सेवा और टेली-मेडिसिन सेवाओं की आसान और तेज़ उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। लेटर ऑफ़ इंटेंट (LoI) के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकार और स्टारलिंक के प्रतिनिधियों वाली एक संयुक्त कार्य समूह का गठन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button