BJP Headquarter में अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को समर्पित प्रदर्शनी का उद्घाटन
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को समर्पित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री नबीन ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, कार्यालय सचिव महेंद्र कुमार एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ संजय मयूख सहित कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी, दिल्ली सरकार के कई मंत्री, कई राष्ट्रीय प्रवक्ता भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, उनकी नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश में विकास एवं सुशासन के एक नए युग की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि अटल उस चेतना के प्रतीक थे, जिसने लोकतंत्र को शोर नहीं बल्कि संवाद की संस्कृति सिखाई। श्री नबीन कहा कि उनका जनसेवा और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। श्री नबीन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन और विकास की जो परिकल्पना की थी, उसे मूर्त रूप देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, उसे हम सबको मिल कर पूरा करना है, यही अटल बिहारी वाजपेयी को हमारी सच्ची पुष्पांजलि होगी।




