‘देश से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे’, BSF के स्थापना दिवस समारोह में Amit Shah की हुंकार

कच्छ-भुज: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि देश में से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे। एसआइआर प्रक्रिया का विरोध कर रहे राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि कुछ दल चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बने रहे।

Amit Shah

गृहमंत्री ने ये बातें गुजरात के भुज के हरिपुर में बीएसएफ के हीरक जयंती (61वें स्थापना दिवस) समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने देश के नागरिकों से चुनाव आयोग द्वारा जारी वोटर लिस्ट की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया का पूरा समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया देश और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी है, जिससे यह पक्का होगा कि हर एक घुसपैठिए को वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है।

साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की जीत देश में घुसपैठियों के खिलाफ जनादेश है क्योंकि देश की जनता कभी भी उन दलों का समर्थन नहीं करेगी जो ऐसे अवैध घुसपैठियों का समर्थन करते हैं। इस देश के किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री कौन हो, देश का प्रधानमंत्री कौन हो, यह निर्णय केवल और केवल भारत का नागरिक कर सकता है।

किसी घुसपैठिये को अधिकार नहीं है कि वह हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली को प्रदूषित करे और हमारे लोकतांत्रिक फैसले को प्रभावित करे। एसआइआर एक तरह से हमारे देश और लोकतंत्र को सुरक्षित करने की प्रक्रिया है और हर नागरिक को इसका पूरा समर्थन करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button