‘आतंकवाद मामले में बातचीत की गुंजाइश नहीं’, SCO सम्मेलन में PM Narendra Modi के रुख को कूटनीतिक विशेषज्ञ ने बताया सही
नई दिल्ली । चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में आतंकवाद पर पीएम नरेंद्र मोदी के कड़े रुख का कूटनीतिक विशेषज्ञ ने समर्थन किया। पीएम ने कहा कि आतंकवाद से निपटने में कोई दोहरा मापदंड नहीं अपनाया जा सकता। उन्होंने सभी देशों से इस लड़ाई में एकजुट होने का आग्रह किया। आतंकवाद पर प्रधानमंत्री के कड़े रुख पर जाने-माने कूटनीतिक विशेषज्ञ और पी3 स्ट्रैटेजिक थिंक टैंक के संस्थापक शुभाशीष बनर्जी ने आईएएनएस को बताया कि भारत का संदेश स्पष्ट और अटल है।

बनर्जी ने कहा, “भारत आतंकवाद का सामना करने से कभी नहीं हिचकिचाया। प्रधानमंत्री मोदी का वक्तव्य आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ संकल्प की पुष्टि करता है। शुभाशीष बनर्जी ने कहा, “आतंकवाद को उचित ठहराने या उसे पनाह देने की कोशिश करने वाले किसी भी देश को इसी तरह चुनौती दी जाएगी। आतंकवाद के मामले में बातचीत या सहिष्णुता की कोई गुंजाइश नहीं है।”
बनर्जी ने कहा कि एससीओ शिखर सम्मेलन ने सुरक्षा, सहयोग और क्षेत्रीय विकास जैसे प्रमुख मुद्दों पर सदस्य देशों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि आतंकवाद के खात्मे से स्थिर आर्थिक माहौल की ओर पहला कदम शुरू होना चाहिए। उन्होंने कहा, “व्यापार, सुरक्षा और समृद्धि को फलने-फूलने के लिए, हमें सबसे पहले आतंकवाद को खत्म करना होगा।” “भारत एशिया, यूरोप और दुनिया के हर कोने से आतंकवाद के खात्मे के इस अभियान में हाथ मिलाने का आह्वान करता है।”
एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंच पर उस समय खुद को ‘अकेला और उपेक्षित’ पाया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन उन्हें अनदेखा कर सामने से गुजर गए। इस दौरान नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच गहरी आत्मीयता दिखी।




