भारत-चीन संबंधों में लगातार प्रगति हुई : Narendra Modi
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि पिछले 10 महीनों में भारत-चीन संबंधों में एक-दूसरे के हितों और संवेदनशीलता के सम्मान के साथ लगातार प्रगति हुई है। मोदी ने यह बात चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कही। प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष अक्तूबर में रूसी शहर कज़ान में एक बहुपक्षीय कार्यक्रम के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई अपनी वार्ता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘विदेश मंत्री वांग यी से मिलकर खुशी हुई।

पिछले वर्ष कज़ान में राष्ट्रपति शी के साथ मेरी मुलाकात के बाद से भारत-चीन संबंधों में एक-दूसरे के हितों और संवेदनशीलता के सम्मान के साथ निरंतर प्रगति हुई है।’ एनएसए अजित डोभाल ने मंगलवार को चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ वार्ता के दौरान कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन जाएंगे। सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता के दौरान अपने संबोधन में डोभाल ने भारत-चीन संबंधों में नयी ऊर्जा और गति के साथ-साथ सीमा पर शांति के महत्व को भी रेखांकित किया। सीमा पर शांति और सौहार्द बना हुआ है। उन्होंने कहा, ‘दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध अब और प्रगाढ़ हुए हैं।’




