राजस्थानः बुजुर्गों को अब घर बैठे ही मिलेंगी जरूरी दवाएं, CM Bhajanlal की अनूठी पहल

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के बुजुर्गों के लिए एक अनूठी पहल की घोषणा की है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों को जरूरी दवाएं घर बैठे ही उपलब्ध कराई जाएंगी। यह सुविधा मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए पहले किसी एक जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसे शुरू किया जाएगा और इसके सफल होने पर चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

CM Bhajanlal

इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करना और उन्हें दवाएं लेने के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाने की परेशानी से बचाना है। इस कदम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार की इस पहल से प्रदेश के लाखों बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव और ढाणी तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी सोच के साथ सरकार ने अपने पहले बजट में कुल बजट का 8.26 प्रतिशत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए आवंटित किया था। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक में कहा कि निर्माण संबंधी कार्यों के लिए समयसीमा तय कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और समृद्ध भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में राजस्थान स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि 6 करोड़ 20 लाख से अधिक आभा आईडी बनाकर राजस्थान देशभर में दूसरे स्थान पर है। साथ ही, स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 1 करोड़ 68 लाख से अधिक आभा लिंक्ड ई-हेल्थ रिकॉर्ड भी बनाए जा चुके हैं।

Related Articles

Back to top button