‘राहुल गांधी बालक बुद्धि हैं…’, CM Nayab Saini ने किया पलटवार
चंडीगढ़। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के आरोप लगाने के बाद भाजपा ने पलटवार तेज कर दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंचकूला में कहा कि कांग्रेस के थैले में कुछ नहीं है। कांग्रेस बैलेट पेपर से वोटों की चोरी करती थी। केंद्रीय चुनाव आयोग ने ईवीएम से चुनाव करवाकर वोटों की चोरी बंद की है। राहुल गांधी बालक बुद्धि हैं। वे जो भी मुद्दे उठाते हैं, बालक बुद्धि वाले उठाते हैं।

शहरी स्थानीय निकायों में विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आयोजित हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (एचपीडब्ल्यूपीसी) बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सभी नेता बगावती हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला का नाम लेकर कहा कि कोई नेता शुद्ध नहीं है। सारी कांग्रेस बागी हो चुकी है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को लोगों ने दिल से समर्थन और आशीर्वाद दिया है।
कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भी चुनाव में हमारी मदद की थी। लोग चेहरा नहीं, काम देखते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में काम किए हैं। सब लोग पीएम मोदी और उनकी नीतियों पर भरोसा करते हैं। नायब सैनी ने कहा कि इंडी गठबंधन ईवीएम को दोष दे रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई कांग्रेस नेता चाहते हैं कि ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से चुनाव हों। पीएम मोदी ने इनके वोट चोरी के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। हुड्डा भी इसलिए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते हैं, ताकि पहले की तरह वोटों की चोरी की जा सके।




