मसूद अजहर पाकिस्तान में नहीं, भारत सबूत दे तो अरेस्ट करने को तैयार हैं’, जैश के सरगना को लेकर बोले Bilawal Bhutto
इस्लामाबाद : पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को लेकर बड़ा बयान दिया है। बिलावल भुट्टो ने कहा है कि पाकिस्तान को यह नहीं पता कि मसूद अजहर कहां है। उन्होंने कहा कि अगर भारत पक्के सबूत देता है कि मसूद अजहर पाकिस्तान में है, तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने यह बातें अल जजीरा को दिए गए एक इंटरव्यू में कहीं। बिलावल ने यह भी कहा कि भारत ने अभी तक अजहर के पाकिस्तान में होने के कोई सबूत नहीं दिए हैं। उन्होंने कहा, “अगर भारत सबूत देता है तो हम कार्रवाई करेंगे।” भुट्टो ने यह भी कहा कि अजहर अफगानिस्तान में भी हो सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर नाटो उसे वहां पकड़ नहीं सका, तो पाकिस्तान से उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद प्रैक्टिकल नहीं है। बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इस ऑपरेशन में मसूद अजहर के 10 परिजन मारे गए थे। इसके बाद मसूद अजहर का एक संदेश भी सामने आया था, जिसमें उसने अपने परिजनों की मौत पर दुख जताया था।
मसूद अजहर एक कुख्यात आतंकवादी है और पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक और प्रमुख है। उसका पूरा नाम मौलाना मसूद अजहर अल्वी है। उसका जन्म 10 जुलाई 1968 को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में हुआ था। वह 11 भाई-बहनों में से एक है और उसके पिता एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर थे।
उसने कराची के जामिया उलूम अल-इस्लामिया से पढ़ाई की और बाद में आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया। मसूद अजहर पर भारत में कई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड होने का आरोप है, जिनमें 2019 का पुलवामा हमला भी शामिल है, जिसमें 40 CRPF जवान शहीद हुए थे।




