China में बांध बनाने से असम में ब्रह्मपुत्र के इकोसिस्टम को पहुंचेगा नुकसान-सीएम सरमा
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर चीन द्वारा प्रस्तावित दुनिया के सबसे बड़े बांध के निर्माण से असम में नदी के पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को नुकसान पहुंचेगा।
सरमा ने कहा कि केंद्र ने चीन को नदी के निचले इलाकों में बांध से उत्पन्न खतरों के बारे में अवगत करा दिया है। सरमा ने कहा- ‘बांध हमारे लिए बड़ी समस्या पैदा करेगा क्योंकि नदी का तल सूख जाएगा और पूरी नदी प्रणाली कमजोर हो जाएगी। हमने पहले ही केंद्र के समक्ष यह मामला उठाया है।’
भारत और बांग्लादेश की चिंताएं बढ़ गई हैं
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी इस संबंध में केंद्र को लिख चुके हैं। पिछले सप्ताह ही चीन ने विश्व के सबसे बड़े बांध के निर्माण को मंजूरी दी थी। इसे दुनिया का सबसे बड़ा इन्फ्रा प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। यह परियोजना भारतीय सीमा के निकट तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर बन रही है। इससे भारत और बांग्लादेश की चिंताएं बढ़ गई हैं।




