Ajay Alok: केजरीवाल का मॉडल फॉलो कर रहे सिद्धारमैया कब देंगे इस्तीफा
When will Siddaramaiah resign who is following Kejriwal's model?
नई दिल्ली, 26 सितंबर (वेब वार्ता)। भाजपा नेता अजय आलोक ने गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले आप अपने बारे में ज्ञान तो दें। बताएं कि आप इस्तीफा कब देंगे या फिर अरविंद केजरीवाल के मॉडल पर चल रहे हैं। अजय आलोक ने कहा, उन्होंने एक प्लॉट के बदले 14 प्लॉट लेकर 4000 करोड़ रुपये का घोटाला किया, अपनी पत्नी को सीधा फायदा पहुंचाया। अब वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगा रहे हैं। हाईकोर्ट ने भी कहा है कि उनके खिलाफ केस चलेगा। इसलिए सिद्धारमैया को इधर-उधर की बातें करना बंद कर देना चाहिए। आपको बता दें कि सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया था।
पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा था कि जिन पर उनकी ही पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री पद को 2500 करोड़ रुपये में नीलाम करने का आरोप लगाया हो, उन्हें भ्रष्टाचार के बारे में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। एक भाजपा विधायक द्वारा उनकी ही पार्टी पर मुख्यमंत्री पद बेचने का आरोप लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। हर दिन भाजपा के विधायक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, फिर भी मोदी चुप हैं। इस चुप्पी का कारण क्या है? क्या आप इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं? आप अपने भाषणों में भ्रष्टाचार के बारे में बताते हैं। अगर आप कर्नाटक में एक भी भाजपा नेता को भ्रष्टाचार के दाग से मुक्त दिखा दें, तो हम आपको कर्नाटक में आमंत्रित करेंगे और सार्वजनिक रूप से सम्मानित करेंगे। आरएसएस चूहों की तरह घुसपैठ कर रहा है, इस सवाल के जवाब में अजय आलोक ने कहा, आरएसएस चीन या पाकिस्तान नहीं है, जो चूहों की तरह घुसपैठ करेगा। आरएसएस भारत में शेर की तरह हर जगह है। उन्होंने कहा, चूहे वे हैं जो रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को यहां बसा रहे हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शर्म आनी चाहिए।