Crime: सुलतानपुर लूट कांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
Sultanpur loot case accused killed in police encounter
उन्नाव, 23 सितम्बर (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के अचलगंज क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोमवार को सुल्तानपुर में ज्वैलर्स की दुकान पर हुई लूट के मामले में एक लाख रुपये के इनामी अभियुक्त को सशस्त्र मुठभेड़ में मार गिराया। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब चार बजे एसटीएफ लखनऊ टीम के साथ सुल्तानपुर में भारत ज्वैलर्स की दुकान पर हुई लूट के अभियुक्तों से अचलगंज क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया जबकि दूसरा मौके से भागने में सफल रहा।
उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की पहचान अनुज प्रताप सिंह निवासी ग्राम जनापुर थाना मोहनगंज जनपद अमेठी के रूप में हुई है। यह बदमाश एक लाख रुपये का इनामी था, जिसे 108 एंबुलेंस द्वारा घायल अवस्था में उपचार हेतु स्थानीय अस्पताल तथा उसके बाद जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचलगंज पुलिस एवं फील्ड यूनिट द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की तलाश में जुटी एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी अचलगंज थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।




