Kedarnath Yatra: केदारनाथ में फंसे यात्रियों को निकलने का काम जारी, अब तक 7234 यात्री रेस्क्यू

The work of evacuating the passengers trapped in Kedarnath continues, 7234 passengers rescued so far

रुद्रप्रयाग, 03 अगस्त (वेब ​​वार्ता)। उत्तराखंड की केदार घाटी में बुधवार रात हुई भारी बारिश के कारण केदार घाटी की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। विभिन्न पड़ावों पर फंसे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस समेत अन्य सुरक्षा बल लगातार काम कर रहे हैं। अब तक कुल 7234 यात्रियों को हेलीकॉप्टर और मैनुअल तरीके से सुरक्षित निकाला जा चुका है। हर स्तर पर सभी लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए वायुसेना के चिनूक और एमआई 17 विमानों से भी यात्रियों को एयरलिफ्ट किया गया। वहीं मैनुअल रेस्क्यू भी जारी है। आपदा में मृत और लापता यात्रियों को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए रुद्रप्रयाग प्रशासन ने कहा है कि अभी तक दो मृतकों के शव बरामद हुए हैं। दोनों शव लिंचोली क्षेत्र से बरामद हुए हैं। किसी के लापता होने की सूचना नहीं है।

नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या के कारण यात्रियों को अपने परिजनों से संपर्क करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है जिला पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 7579257572, 01364-233387 और आपातकालीन नंबर 112 जारी किए हैं और यात्रियों के परिजनों की कॉल पर आवश्यक जानकारी दी जा रही है। भीमबली में ठहरे 150 यात्रियों ने प्रीपेड काउंटर पर लगे वाई-फाई नेटवर्क के जरिए अपने परिजनों को कुशलक्षेम बताई है। शुक्रवार को 599 लोगों को हेली सेवाओं से एयरलिफ्ट कर बचाया गया, जबकि सोनप्रयाग और जंगलचट्टी के बीच फंसे 2024 तीर्थयात्रियों और चौमासी से 161 तीर्थयात्रियों को बचाया गया। फिलहाल बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, वन विभाग, संबंधित जिला पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं।

Related Articles

Back to top button