Defence: गोवा समुद्री सम्मेलन (जीएमसी)–2023 का पूर्वावलोकन
Preview of Goa Maritime Conference (GMC) – 2023
गोवा समुद्री सम्मेलन (जीएमसी) – 2023 का चौथा संस्करण 29 से 31 अक्टूबर 2023 तक भारतीय नौसेना द्वारा नेवल वॉर कॉलेज, गोवा के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन भारतीय नौसेना की आउटरीच पहल है। यह समुद्री सुरक्षा के अभ्यासकर्ताओं और शिक्षाविदों के सामूहिक ज्ञान को परिणामोन्मुख समुद्री विचार प्राप्त करने और उसका उपयोग करने के लिए एक बहुराष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। इस द्विवार्षिक कार्यक्रम के पिछले संस्करण 2017, 2019 और 2021 में आयोजित किए गए थे। यह समसामयिक और भविष्य की समुद्री चुनौतियों से निपटने के लिए नौसेना प्रमुखों/समुद्री एजेंसियों के प्रमुखों द्वारा विचारों के आदान-प्रदान के साथ-साथ सहकारी रणनीतियों को प्रस्तुत करने और साझेदार समुद्री एजेंसियों के बीच अंतरसंचालनता को बढ़ाने के लिए एक मंच उपलब्ध कराता है।
जीएमसी के इस वर्ष के संस्करण का विषय “हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा: सामान्य समुद्री प्राथमिकताओं को सहयोगात्मक शमन ढांचे में परिवर्तित करना” है। हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में समुद्री सुरक्षा हासिल करने की दिशा में समुद्री क्षेत्र में ‘समावेशी और सहयोगात्मक प्रयासों’ की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। जीएमसी-23 में, भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार 12 हिंद महासागर तटीय क्षेत्रों के नौसेना प्रमुखों/समुद्री बलों के प्रमुखों/वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मेजबानी करेंगे जिनमें बांग्लादेश, कोमोरोस, इंडोनेशिया, मेडागास्कर, मलेशिया सहित मॉरीशस, म्यांमार, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने इस सम्मेलन का मुख्य अतिथि बनने के लिए सहमति दे दी है और वह जीएमसी-23 का मुख्य भाषण भी देंगे।