बेटी के जन्म से खफा होकर पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया।
दिल्ली से सटे फरीदाबाद में बेटी के जन्म से खफा होकर पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पति पर तीन तलाक का आरोप लगाते हुए महिला का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में महिला खुद को धौज क्षेत्र निवासी बताते हुए कह रही है कि छह साल पहले पलवल निवासी युवक से शादी हुई थी। शादी के कुछ साल तक सबकुछ ठीक रहा। चार साल बाद उसने बेटी को जन्म दिया।
महिला का कहना है कि बेटी के जन्म के बाद पति का व्यवहार उसके प्रति बदल गया। वह आए दिन उसके साथ झगड़ा करने लगा। आरोप है कि करीब एक साल पहले महिला का भाई उसे लिवाने ससुराल गया था। तब पति ने उसे भेजने से इनकार कर दिया। महिला ने मायके जाने की इजाजत मांगी तो भाई के सामने ही उसकी पिटाई की। विरोध करने पर पति ने विवाहिता से तीन बार तलाक कह दिया। विवाहिता ने ऐसा करने की वजह पूछी तो पति ने कहा कि मेरा तुझसे मन नहीं मिलता।
महिला बेटी को लेकर मायके आ गई। पति ने भी उसे वापस बुलाने की कोशिश नहीं की। मायके वालों ने सामाजिक स्तर पर पति को समझाने की कोशिश की, मगर वह मानने को तैयार नहीं है। महिला का कहना है कि अब तक वह लोकलाज के कारण चुप रही। मगर अब वह चाहती है कि इस तरह का अत्याचार और किसी अन्य महिला पर ना हो, इसलिए वह सामने आई है। उसने कहा कि जल्द ही वह पुलिस को भी इस संबंध में शिकायत करेगी।
वहीं इस मामले में पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने कहा कि महिला का वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। इसमें महिला का पता स्पष्ट नहीं है, महिला तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। अभी धौज या महिला थाने को भी उक्त महिला ने कोई शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।